मनोरंजन
स्वीटी छाबड़ा भोजपुरी एक्ट्रेस को शीला दीक्षित ने किया राजीव गांधी ग्लोबल एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित
By Deshwani | Publish Date: 21/5/2018 2:47:24 PM नई दिल्ली। एक्ट्रेस स्वीटी छाबड़ा को पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती शीला दीक्षित ने रविवार को दिल्ली के ली मेरेडियन होटल में 21वें राजीव गांधी ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान भोजपुरी सिनेमा में उनके योगदान के लिए दिया गया। बता दें कि राजीव गांधी ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड हर साल 'राजीव गांधी फाउंडेशन' द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। पिछले 17 सालों से यह फाउंडेशन राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर समाज की सबसे समर्पित और प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित करने का काम कर रही है। अब इस अवार्ड की सूची में स्वीटी छाबड़ा का नाम भी शामिल हो गया।
स्वीटी छाबड़ा बेहद प्रतिभाशाली और डेडिकेटेड एक्ट्रेस हैं। भोजपुरी ही नहीं उन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है, जिसमें सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ 2003 में 'फंटूश' की थी। इसके बाद उन्होंने भोजपुरी पर्दे की ओर रूख कर लिया और एक के बाद एक कई फिल्मों में अपनी अदाकारी से सबको दीवाना बना लिया। उन्होंने भोजपुरी सिनेमा के लोकगायक अभिनेता मनोज तिवारी मृदुल और मेगा स्टार रवि किशन के साथ साल 2005 में फिल्म ‘एगो चुम्मा दे दा राजाजी’की थी, जिसमें सलमान खान की सुपर डूपर हिट फिल्म ‘मैंने प्यार किया’की एक्ट्रेस भाग्यश्री भी नजर आईं थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था, जिसमें स्वीटी छाबड़ा की भूमिका को काफी अहम थी।
बता दें कि स्विटी इन दिनों भोजपुरी स्क्रीन पर ज्यादा दिखाई नहीं दे रही हैं, क्योंकि उन्होंने अपना प्रोडक्शन हाउस शुरू किया है। अब उनकी इच्छा फिल्म निर्माण की है इसलिए वह जल्द ही हिंदी और भोजपुरी की कई फिल्मों का निर्माण अपने बैनर तले करने वाली हैं। उन्होंने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है। एक्ट्रेस के बाद अब वह जल्द ही एक निर्माता के रूप में फिल्म प्रेमियों के बीच आने वाली हैं।