बिहार
सुगौली में पुलिस को देख बाइक छोड़ भागे तस्कर, स्पलेण्डर मोटरसाइकिल की डिक्की में मिली साढ़े सात किलोग्राम चरस
By Deshwani | Publish Date: 20/10/2020 11:48:21 PMमोतिहारी। पुलिस ने सुगौली थाना क्षेत्र के बौधा से करीब साढ़े सात किलोग्राम चरस जब्त की है। बताया गया है कि वाहन जांच के दौरान पुलिस को देख दो संदिग्ध युवक बाइक छोड़कर फरार हो गए। जिसकी डिक्की से साढ़े 7 किलो ग्राम चरस मिली है। जब्त चरस 15 पैकेटों में रखी गई थी।
विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस की एक टीम थाना क्षेत्र की दक्षिणी सुगांव पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बौधा का निरीक्षण करने गई थी।
निरीक्षण के बाद पुलिस ने वाहनों की जांच शुरू कर दी। इस बीच बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते नजर आये। थानाध्यक्ष विवेक जायसवाल को पुलिस बल के साथ वाहन जांच करते देख दोनों मोटरसाइकिल छोड़ भाग गए।
पुलिस टीम जब स्प्लेंडर बाइक के पास आई तो देखा कि बाइक की डिक्की में सात किलो 500 ग्राम चरस रखी हुई है। पुलिस ने फौरन बाइक व चरस को जब्त कर लिया। बाइक पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था। पुलिस फरार हुए दोनों तस्करों की पहचान में जुटी हुई है। मामले की सूचना थानाध्यक्ष ने एसपी को दी।