बिहार
जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से मरीजों के परिजनों का फूटा गुस्सा, जमकर किया प्रदर्शन
By Deshwani | Publish Date: 19/11/2019 3:57:48 PMपटना। पटना सिटी के अगमकुआं स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल पर हैं। इससे अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। इसको लेकर अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके परिजनों में खासा आक्रोश है। हड़ताल के विरोध में आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के मुख्य गेट के पास सड़क को जाम कर हंगामा किया।
आक्रोशित मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि जूनियर डॉक्टरों के हड़ताल के कारण आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों और उनके परिजनों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अगर सरकार मांगें पूरी नहीं कर रही तो इसकी सजा आम जनता को नहीं मिलनी चाहिए।
वहीं हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आक्रोशित लोगों को शांत करवाने की कोशिश की। बता दें कि नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तीन दिन पहले डेंगू पीड़ित एक बच्चे की मौत के बाद लोगों द्वारा डॉक्टरों के साथ की गयी मारपीट से आक्रोशित जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर हैं।