बिहार
पटना में दिखा प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन का उत्साह, लोगों ने दूध से किया तस्वीर का अभिषेक
By Deshwani | Publish Date: 17/9/2019 4:36:21 PMपटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 69 वर्ष के हो गए हैं। पूरे देश के साथ बिहार में भी पीएम मोदी का जन्मदिन लोग बहुत ही उत्साह के साथ मना रहे हैं। राज्य की राजधानी पटना में कहीं मोदी की तस्वीर का 370 लीटर दूध से अभिषेक किया तो कहीं पीएम मोदी की दीर्घायु के लिए भगवान हनुमान को 51 किलो लड्डू चढ़ाए।
लोजपा महानगर के कार्यकर्ताओं और वेद विद्यालय के छात्रों ने 370 लीटर दूध से मोदी की तस्वीर का अभिषेक किया और उनके दीर्घायु और स्वस्थ रहने की कामना की। इस मौके पर बच्चों ने शंख फूंक कर वेद मंत्रोच्चारण के साथ मोदी जी को शुभकामनाएं दी। इसके अतिरिक्त पटना महावीर मंदिर में पीएम मोदी के समर्थकों ने माथा टेक उनकी दीर्घायु की कामना की। कुछ भक्तों ने इस मौके पर भगवान हनुमान को 51 किलो लड्डू का चढ़ावा चढ़ाया।
वहीं प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर भाजपा कार्यालय में भव्य फोटो प्रदर्शनी लगाई गई है जिसमें मोदी के किए कार्य और लिए गए संकल्प को दर्शाया गया है। फोटो प्रदर्शनी का उद्धाटन उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने किया।