राष्ट्रीय
प्रियंका चतुर्वेदी ने छोड़ी कांग्रेस, पार्टी से चल रही थीं नाराज
By Deshwani | Publish Date: 19/4/2019 12:39:08 PMनई दिल्ली। कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रियंका ने गुरुवार रात को पार्टी से इस्तीफा दिया था। अटकलें हैं कि वे शिवसेना में शामिल हो सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि वे बदसलूकी करने वाले कार्यकर्ताओं की कांग्रेस में वापसी के कारण पिछले कुछ दिनों से नाराज चल रही थीं। उन्होंने ट्वीट भी किया था कि जो लोग मेहनत कर अपनी जगह बना रहे हैं, उनके बदले ऐसे लोगों को तवज्जो मिल रही है। पार्टी के लिए मैंने गालियां और पत्थर खाए हैं, लेकिन उसके बावजूद पार्टी में रहने वाले नेताओं ने ही मुझे घमकियां दीं। प्रियंका चतुर्वेदी ने लिखा कि जो लोग धमकियां दे रहे थे, वह बच गए हैं। इनका बिना किसी कड़ी कार्रवाई के बच जाना काफी दुखद है।
बता दें कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी और महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया के हस्तक्षेप से कार्यकर्ताओं की पार्टी में वापसी हुई थी। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रियंका का कांग्रेस का साथ छोड़कर जाना पार्टी के लिए एक बहुत बड़ा झटका है।