बिहार
नवादा लोकसभा सीट से टिकट नहीं मिलने पर गिरिराज ने तोड़ी चुप्पी, कहा- ऐसी उम्मीद नहीं थी
By Deshwani | Publish Date: 18/3/2019 5:08:21 PMपटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नवादा लोकसभा सीट से टिकट नहीं मिले के बाद आज अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि इसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी। गिरिराज सिंह ने कहा, ‘'मुझे कोई उम्मीद नहीं थी। मुझे भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा था कि आप जहां से चाहेंगे, वहां से लड़ेंगे।' यह पूछे जाने पर कि इसके लिए वह किसको जिम्मेवार मानते हैं, तो उन्होंने ने कहा ‘'मैं नहीं जानता। इस बारे में प्रदेश अध्यक्ष बतायेंगे।'
यह पूछे जाने पर कि क्या आपको पता था कि नवादा की सीट लोजपा को दी जा रही है, गिरिराज ने कहा ‘'मुझे कुछ पता नहीं। यह प्रदेश अध्यक्ष बतायेंगे।' गिरिराज से यह पूछे जाने पर कि क्या वह अब बेगूसराय लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने कहा, '‘मैं कार्यकर्ता था, कार्यकर्ता हूं, कार्यकर्ता ही रहूंगा।'
उल्लेखनीय है कि गिरिराज 2014 के लोकसभा चुनाव में नवादा लोकसभा सीट से विजयी हुए थे। बिहार में राजग द्वारा रविवार को सीटों के बंटवारे की घोषणा के अनुसार नवादा लोकसभा सीट अब लोजपा के खाते में चली गयी है जिसके बाद से गिरिराज के भाजपा को सीट साझा के तहत मिली बेगूसराय की सीट से चुनाव लड़ने की संभावना जतायी जा रही है।