बिहार
तलाकशुदा पति ने पत्नी, सास और साली पर फेंका तेजाब, सास की हालत गंभीर
By Deshwani | Publish Date: 15/1/2019 3:45:22 PMबेगूसराय। बेगूसराय जिले में एक तलाकशुदा पति ने पत्नी, सास और साली पर तेजाब फेंक दिया। हमले में सास गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना शहर के छौराही के अमारी गांव की है। डीएसपी सूर्य कुमार देव ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है। परिजनों के बयान पर शमशाद समेत 3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी पति की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 2017 में अमारी गांव निवासी नाजिया परवीन की शादी रोसरा के शमशाद अंसारी के साथ हुई थी। आपसी विवाद के चलते पिछले साल अक्टूबर में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद नाजिया अपने मायके में रह रही थी।
आज सुबह शमशाद दो साथियों के साथ ससुराल पहुंचा। वह पीछे के रास्ते घर में घुसा और कमरे में सो रही सास नुसरत खातून पर तेजाब फेंक दिया। मां को बचाने पहुंचीं नाजिया और उसकी बहन मेहनाज पर भी शमशाद ने तेजाब फेंक दिया। पत्नी और साली मामूली रूप से जख्मी हुई है।