बिहार
सुशील मोदी ने महानवमी की दी शुभकामनाएं, बोले- असुरों का नाश कर देवी करे सबका कल्याण
By Deshwani | Publish Date: 18/10/2018 11:36:03 AMपटना। उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा कि देश-दुनिया के विभिन्न भागों में रह कर जीवनयापन करने वाले प्रवासियों और बिहार की जनता को महानवमी और दुर्गापूजन की हार्दिक शुभकामनाएं। इसके साथ ही मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि हमारी प्रार्थना है कि अर्थव्यवस्था को भ्रष्टाचार से खोखला करने और समाज में फूट डालकर सत्ता पाने की मंशा रखने वाले असुरों को नाश कर देवी सबका कल्याण करे।
सुशील मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि यूपीए सरकार के समय फर्जी तरीके से बैंकों के करोड़ों रुपए कर्ज लेने वाले जो लोग एनडीए सरकार की सख्ती से बचने के लिए विदेश भाग गए थे, उन्हें वापस लाकर दंडित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई। सीबीआई बहरीन से मोहम्मद याह्या और इंडोनेशिया से विनय मित्तल का प्रत्यर्पण कराने में सफल रही। माल्या, नीरव की बारी जल्द आने वाली है। कांग्रेस काल के आर्थिक अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे।