बिहार
मेला देखने जा रहे लोगों को शराबी बाइक चालक ने रौंदा, एक की मौत
By Deshwani | Publish Date: 17/10/2018 5:02:13 PMपटना। बिहार के छपरा-सीवान मुख्य सड़क मार्ग नशे में धुत्त एक बाइक चालक ने छह लोगों को रौंद डाला। बाइक की चपेट में आए छह लोग एक ही परिवार के थे। इस हादसे में एक महिला की मौत भी हो गई। पुलिस ने बाइक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका के परिजनों के अनुसार, धनौती निवासी गणेश राम के परिवार के छह सदस्य दरौंदा बाजार पर मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन करने व मेला घूमने जा रहे थे। इसी बीच दरौंदा बाजार के पिपरा मोड़ के समीप अनियंत्रित बाइक ने परिवार के सदस्यों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक सवार भी बुरी तरह से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर मेले में गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। एक महिला की गंभीर स्थिति के चलते डॉक्टरों ने उसे सीवान रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही रेणु देवी की मौत हो गई।
घायलों में सचिन कुमार, प्रमिला कुमारी, अंजली कुमारी, काजल कुमारी, करिश्मा कुमारी शामिल हैं जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने बाइक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।