बिहार
औरंगाबाद-गया जिला की सीमा पर कोबरा बटालियन का स्पेशल ऑपरेशन, एक नक्सली ढेर, एके 47 बरामद
By Deshwani | Publish Date: 18/5/2019 11:27:09 AMऔरंगाबाद। गया और औरंगाबाद जिले की सीमा पर लुटुवा जंगल में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के हथियार बंद दस्ते के बीच मुठभेड़ हुई। आज सुबह हुई इस मुठभेड़ में कोबरा के जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया है। एनकाउंटर के बाद कोबरा ने एक नक्सली की डेडबॉडी और एक एके-47 राइफल भी बरामद कर ली है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
जानकारी के मुताबिक, गया और औरंगाबाद जिले की सीमा पर स्थित लुटुआ जंगल में नक्सलियों के होने की सूचना पर मौके पर पहुंची कोबरा 205 की टीम पर हथियार बंद नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों की ओर से फायरिंग किये जाने के बाद कोबरा 205 के जवानों ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। दोनों ओर से हुई भीषण मुठभेड़ में कोबरा 205 के जवानों ने एक हार्डकोर नक्सली को मार गिराया है। साथ ही मौके से हथियार भी बरामद किया है।
बताया जाता है कि नक्सली के पास से एके 47 मिला है। वहीं, मुठभेड़ के बाद नक्सली भाग खड़े हुए हैं। नक्सलियों के भाग जाने के बाद कोबरा 205 के जवान जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
घटना की पुष्टि करते हुए एसपी अभियान राजेश कुमार सिंह ने कहा कि औरंगाबाद और गया जिले की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। घटना के बाद सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। इधर, नक्सली के शव की पहचान इमामगंज प्रखंड के भट्टबीघा गांव के अनिल राय के रूप में की गयी है। बताया जाता है कि अनिल राय भाकपा माओवादी के सब जोनल कमांडर अरविंद भुईंया की टीम का सदस्य था।